Home | आलेख | इसे अपने तक रखना
Newsletter
Email:

इसे अपने तक रखना

Font size: Decrease font Enlarge font

हमारे दोस्त हमारे कान से सटे थे। फिर फुसफुसाने लगे। आवाज पारसी थियेटरों सी कि पूरा हाल सुन ले लेकिन उनको यह भ्रम पालने का पूरा अधिकार है कि उनकी बात केवल मैं ही सुन रहा हूं। बहुत सामान्य सी जानकारी हमारे कान में उड़ेलने के बाद उन्होंने अपना मुंह हटा लिया। हमारे कान मुक्त हुये। उनकी आवाज फिर कान में घुसी- यार, इसे अपने तक रखना किसी को बताना मत!

हम एक बार फिर सोचने लगे। जो शख्स खुद किसी बात को अपने तक नहीं रख पाया और सब काम छोड़कर मुझे बता रहा वह कैसे आशा करता है कि आगे किसी को नहीं बतायी जायेगी।

लेकिन हमें ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ता। जो बात हमें अपने तक सीमित रखने को कही गयी थी वह अगले दिन सबको पता थी। लगता है हमारे मित्र ने और भी कुछ लोगों से बात अपने तक सीमित रखने को कही होगी। और उनका अपनापा थोड़ा फैला टाइप का होगा इसीलिये बात फैल गयी होगी।

ऐसा अक्सर होता है आपको कुछ बातें बताई जाती होंगी, साथ में अपने तक रखने का ‘टैग’ लगाकर। आपके मन में वैसे ही बहुत सारी अपने तक सीमित बातें ठुंसी पड़ी हैं आपको समझ में नहीं आता कि इस अपने तक सीमित बात को कहां रखें? आप उसी ढेर के ऊपर पटक देत हैं इसे भी।

गोया आपका मन स्विस बैंक का अकाउंट हो गया जहां लोग अपने मन की बातें जमा कर जायें। एक बार जमा कर दिया तो किसी को पता नहीं चलेगा सिवाय बैंक और खातेदार के।

अपने तक कही जाने वाली बातों में हमेशा समझौता एकतरफा होता है। सुनने वालो को आगे बताने का अधिकार नहीं होता लेकिन बताने वाला इस बंधन से मुक्त रहता है। वह दूसरों को भी उसी बंधन में बांधता हुआ बात बता सकता है। बात का ‘सोर्स कोड’ उसके पास जो है।

लेकिन मुक्ति की आकांक्षा का प्रदूषण भयानक होता है। अब किसी भी बात को अपने तक के बंधन में नहीं बांधना बड़ा मुश्किल हो गया है। पता चला जिस बात को आप अपने मन में जकड़ के बैठे हैं वही बात दूसरे के मुंह से छुट्टा सांड़ की तरह निकल रही है।

और ऐसा हो भी क्यों न! दुनिया सब कुछ खोल-खाल के नंगा करने के प्रयास में जुटी पड़ी है। ब्रिटेन में बच्चा पैदा करने का ‘लाइव टेलीकास्ट’ हो रहा है। लोगों के शरीरों से कपड़े उतरते जा रहे हैं। कुछ के फैशन में,बहुतों के मजबूरी में। कुछ के मस्ती में, बहुतों के पस्ती में।

पिछ्ले शुक्रवार को लाफ्टर चैलेंज में राजू श्रीवास्तव ने एक जींस की पीड़ा बखानते हुये कहा-
हम पहले कमर के ऊपर तक रहते थे। अब लगातार नीचे खिसकाये जा रहे हैं। पहनने वाली को डर नहीं है लेकिन हम घबड़ा रहे हैं। हम लगातार नीचे जा रहे हैं और ऊपर वाला कपड़ा लगातार ऊपर जा रहा है। हमारी कभी मुलाकात ही नहीं होती। एक दिन तो हम मैडम से बोले भी- मैडम या तो हमें पहन ही लो या उतार ही दो।

 

देखिये बात, बात से शुरू हुयी और कपड़े तक पहुंच गयी। इसी को कहते हैं कि बात निकलेगी तो दूर तलक जायेगी। बातें आवारगी की शौकीन होती हैं। निकलती हैं तो दूर तक चली जातीं हैं। ईरान से तूरान तक।

अपने तक रखने की बात का फलसफा बड़ा महीन टाइप का होता है। मन में रखे हुये भेद खदबदाते रहते हैं। अजीब सा तनाव रहता है मन में। दूसरे से कहने से यह तनाव कम होता है। जैसे अपना कूड़ा पड़ोसी के यहां डाल देने से घर साफ दिखता है।

लेकिन साथ-साथ दूसरा तनाव शुरू हो जाता है कि मैंने दूसरे को गुप्त बात बता दी। यह आसमान से गिरकर खजूर में अटकने की होती है। इसीलिये जिम्मेदार लोग दूसरों से गुप्त बातें बताते हुये बात के शुरू में ही कह देते हैं - आपको बता रहा हूं,इसे अपने तक ही रखना।

दुनिया में समझदारों की संख्या बढ़ रही है। सुनने वाला भी अगले से कहता है- आपको बता रहा हूं,इसे अपने तक ही रखना।

मुझे तो यह लगता है कि अगर आपने अपनी बात किसी भी दूसरे को बता दी तो आप समझिये कि वो बात आपने दुनिया भर को बता दी। आप जो बात खुद अपने तक नहीं रख पाये उसे दूसरे से कैसे आशा करते हैं कि वह अपने तक रखेगा। आप अगर खुद अपने को नहीं ढो पा रहे हैं तो आपको कोई दूसरा कैसे ढोयेगा ?

इस लिये मैं यही सोचता हूं कि जो बात मैं सबको नहीं बता सकता उसे किसी एक को बताकर उसका बोझ काहे बढ़ाऊं यह कहकर -इसे अपने तक रखना।

वैसे भी गोपनीय बातें दुनिया को पहले पता चलती हैं। मुंह से न निकले लेकिन हाव-भाव हरकतें सारी चुगली कर देती हैं। रहीमदास ने कहा है-

रहिमन अंसुवा नयन ढरि,जिय दुख प्रकट करेहि,
जाहि निकारो गेह से, क्यों न भेद कहि देइ।

 

आंख से निकलकर आंसू मन का भेद कह देता है। जिसको (आंसू को)घर से(आंख से) निकाल दिया वह कैसे घर का भेद नहीं कहेगा!

यह मैंने आपसे तो कह दिया लेकिन आपसे अनुरोध है कि इसे अपने तक रखना।

साभार: http://hindini.com/fursatiya/?p=202

Comments (0 posted):

Post your comment comment

Please enter the code you see in the image:

  • email Email to a friend
  • print Print version
  • Plain text Plain text
Tags
No tags for this article
Rate this article
1.00