खरा होना काफी नहीं, चमक भी तो हो
खरे सिक्के और खोटे सिक्के का उदाहरण सब देते हैं। खोटा सिक्का खुद को खरा सिक्का ही मानता है और खरे सिक्के को हर वक्त यह आत्मविश्वास होता है कि वह तो है ही खरा सिक्का, लेकिन दुनिया वाले उसके साथ खरे सिक्के वाला सलूक क्यों नहीं करते।
दरअसल, खरे सिक्कों के साथ हमेशा समस्या होती है। जब तक आफ चमकेंगे नहीं, तब तक आपकी तरफ आकर्षित नहीं होंगे। आप रास्ते में पड़े हैं, खरे सिक्के हैं, लेकिन अगर आपमें चमक नहीं है, तो उठाने वाला उठाने के बाद भी दस बार सोचेगा कि कहीं खोटा तो नहीं, कहीं बाजार में न चले तो। जिस आदमी की जेब में खोटा सिक्का निकलता है, वह उसके अपमान से वाकिफ होता है। सो, खोटे सिक्के से हर कोई बचना चाहता है। लेकिन यह भी असलियत है कि दुनिया की जेब में खोटे सिक्के खनक रहे हैं और किसी को पता भी नहीं कि सिक्का खोटा है। जिसे पता है कि उसका सिक्का खोटा है, तो उसने अपने सिक्के पर खासी मेहनत की है और उस पर बहुत अच्छी पालिश लगाई है। उसे इतना चमकाया है कि कोई मान ही नहीं सकता कि यह सिक्का खोटा है।
इससे खरे सिक्कों को सीख लेनी चाहिए। अगर उन्हें सचमुच खरे सिक्के जैसा सम्मान चाहिए, तो उन्हें अपने भीतर वह चमक पैदा करना होगी, कि लोग चौंधियां जाए। सिर्फ खरा होना ही काफी नहीं होता। आपको चमकना भी होगा। आपको अपने बारे में बताना होगा कि आपमें चमक है। उस आदमी को अपने प्रति विश्वस्त करना होगा, जो आपको उठाकर अपनी जेब में रखना चाहता है और बाद में बाजार में जाकर चलाना भी चाहता है।
हर कोई यह रोना रोता है कि उसकी प्रतिभा की कद्र नहीं है और जो प्रतिभाहीन हैं, उन्हें दुनिया ने अपने सर पर बैठा रखा है। यह सिर्फ इसी युग का रोना नहीं है। आदिकाल से ही ऐसा चला आ रहा है और तब तक चलता रहेगा, जब तक खरे सिक्के अपने भीतर चमक पैदा नहीं कर लेते। जो लोग पारखी का इंतजार करते रहते हैं, वे इंतजार में बूढे हो जाते हैं, घिस जाते हैं। नरगिस, बगीचे में हजार साल तक दीदें फाड़कर बैठी रहती है, और अपनी बेनूरी पर रोती रहती है... उसे पहचानने की कुव्वत रखने वाला हजार साल में एक बार पैदा होता है।
खरे सिक्के नरगिस के फूलों की तरह होते हैं। उन्हें सिर्फ आत्मविश्वास से नहीं, आगे बढकर लोगों को विश्वास दिलाने से भी काम करना होगा। आप अन्दर वही चमक पैदा करें, लोगों को अपनी प्रतिभा के बारे में बताएं, अपने गुणों को दूसरों के आगे दर्शाएं... देखिये दुनिया में आपको भी सलाम किया जाएगा।



del.icio.us
Digg
Comments (0 posted):
Post your comment