Home | व्यंग्य | लड़कियॉ क्या चाहें
Newsletter
Email:

लड़कियॉ क्या चाहें

Font size: Decrease font Enlarge font
image

ये लेख मै विशेष तौर पर उन कुँवारे साथियों के लिए लिख रहा हूँ जिन्होने डन्डा और बांस कर कर के मुझे मेरे अनुभव शेयर करने को बोला। देखो भई, मै शादीशुदा शरीफ़ आदमी हूँ, इस पचड़े मे नही पड़ना चाहता था, लेकिन क्या करूं भाई लोगों से प्यार इस कदर है कि रिस्क लेने को तैयार हो गया। इस लेख को लिखने के पहले एक डिसक्लेमर और एक विशेष चेतावनी। डिसक्लेमर तो ये रहा:

मै अपनी मौजूदा जिन्दगी से खुश हूँ, और यह लेख मै अपने पुराने अनुभवों के आधार पर लिख रहा हूँ और ना कि मौजूदा अनुभवों के आधार पर। इसलिए कोई भी इस लेख को खफ़ा होने का लाइसेन्स ना माने और एक बात इस लेख को पढकर किसी को अगर जूते पड़े तो वो हमारे द्वारे ना आए। अपना वहीं पर सलट ले।

डिस्क्लेमर जरुरी है, ताकि सनद रहे और वक्त जरुरत काम आए।

 श्री कृष्ण भगवान सोलह कला संपन्न थे. तभी गोपियां उनके आगे-पूछे घूमा करतीं थीं.  अब समय बदल गया है.  क्या आप आज के युग की सोलह कला में पारंगत हैं? यदि नहीं तो  जितेन्द्र चौधरी का यह गुदगुदाता आलेख पढि़ये. - कैफेहिन्दी
और अब चेतावनी :ख़बरदार जो किसी ने यह लेख मेरी पत्नी को फारवर्ड किया। समझ लेना, जिसने फारवर्ड किया उसको इन्डीब्लॉगीज मे जितवा दूंगा, फिर आजीवन ब्लॉग ना लिख पाओगे।

१. क्या आपने सही कपड़े पहने हैं?
always-wear-a-good-dressबहुत ही जरुरी है भई, आपने मंहगे कपड़े पहने हो या ना पहने है, सलीके के कपड़े है कि नही। ऐसा तो नही बऊवा की तरह के गैट-अप मे हो आप। अगर आप डेट पर जा रहे है तो अपने परिधान का विशेष ध्यान रखें। आप नोट करे ना करें, कि आपने कैसे कपड़े पहन रखे है, लड़कियाँ एक एक चीज नोट करती है (अब टाइम ज्यादा होता है या शौंक कह नही सकते), एक और बात, मौसम के अनुसार और लेटेस्ट फैशन के अनुसार ही परिधानों का चयन करें। ऐसा ना हो, कि वो आप में शाहरुख खान को ढूंढे और आप देव आनन्द की तरह तैयार हों।

२. आत्मविश्वास का स्तर
आपका आत्मविश्वास का स्तर ऊँचा होना चाहिए, ऐसा ना हो कि आप लड़की से मिलने जा रहे है और शर्म से नीचे गड़ा जा रहा हो। और कान्फ़ीडेन्स लेवेल इतना भी ऊपर ना हो कि, आप उसके कन्धे और पेट के बीच मे ही देखते जा रहे हो। मतलब कान्फ़ीडेन्स लेवेल को कन्ट्रोल मे रखकर, सलीके से पेश आएं। डिप्प्रेशन का शिकार ना हो, और ना ही ओवर कान्फ़िडेन्स के पचड़े मे पड़ें। आखिर लड़की से मिलने जा रहे हो किसी इन्टरव्यू मे थोड़े ही जा रहे हो।

३. तुलनात्मक अध्ययन
 लड़कियों की एक खराब आदत होती है, वो मौजूदा प्रेमी/दोस्त की तुलना पिछले वाले से जरुर करती है, बार बार, लगातार करती है। अब ये अनजाने मे होता है या जान बूझकर, या फिर आपको चिढाने के लिये, लेकिन होता जरुर है। उदाहरण के लिए " ये वाला इस तरह से बोलता है, उस वाले की मुस्कराहट कितनी अच्छी थी! इस वाले का पहनावा अच्छा है, लेकिन मूंछे तो पिछले वाले की ज्यादा अच्छी थी।" अब पिछले वाले (प्रेमी/दोस्त) को पकड़कर कूटने से तो कुछ होने वाला है नही, इसलिए इसका मतलब ये हुआ कि आपको एक बार नही, बार बार लगातार इम्तिहान देने के लिए तैयार रहना चाहिए।

४. आपकी पिछली गर्लफ्रेन्ड
अरे हाँ! ये टापिक उनके लिए बहुत मुफ़ीद रहता है। बहुत सही टाइमपास होता है उनका। साम, दाम दण्ड, भेद वो आपसे यह बात उगलवाने के लिए तैयार रहती है कि पिछली वाली गर्लफ़्रेन्ड मे क्या अच्छाई थी या क्या बुराई थी। खबरदार! आप किसी ट्रैप मे मत फंस जाना। दरअसल इनका मकसद तो आपके दिल मे छिपी मैल को बाहर निकालना होता है, ये देखना चाहती है कि आप अपनी पिछली रिश्ते/दोस्ती की बात सुनकर कैसा रिएक्ट करते है या कितनी कडुवाहट दिखाते है। जाहिर है, अक्सर लोग, पिछली गर्लफ्रेन्ड मे कमिया निकलने की कोशिश करते है। मेरी एडवाइस माने तो पिछली वाले के प्रति गुस्सा ना ही निकाले तो अच्छा है, क्योंकि पिछली वाली तो वैसे भी छोड़कर टहल गयी, अब ये वाली हाथ से क्यों जाने दें। समझ गए ना?

५. धैर्य की परीक्षा
always-listenलड़कियाँ यह चीज जरुर चैक करती है कि आपमे उनको सुनने की कितनी क्षमता है, मतलब कितना झेल सकते हो। दरअसल वो यह चैक कर रही होती है कि आगे अगर जिन्दगी भर साथ निभाना पड़े (वैसे इत्ता लम्बा वो सोचती कैसे होंगी?) तो बन्दा कितना सुन सकता है। और हाँ अक्सर वो कहेंगी, अपने बारे मे और बताओ, मतलब आपके बारे मे सब कुछ जानने की इच्छा रखेंगी। लेकिन एक लिमिट के बाद, उसके बाद वो खुद-ब-खुद शुरु हो जाती है। इसलिए ध्यान रखिए, जोश मे होश ना खो बैठना, आप शुरु तो एक्सप्रेस की तरह हो, लेकिन मुलाकात दर मुलाकात ही अपनी पर्ते खोलना। मूलमन्त्र: अच्छे श्रोता बनिए, प्रेमिका को विविध-भारती की तरह समझिए, (मतलब चुपचाप सुनते रहिए) तभी सुखी रहेंगे।

६. विनम्रता
आप दूसरों के साथ कैसे पेश आते है, छोटे, बड़े, बच्चे, बूढे के साथ सम्मानपूर्वक बात करते है कि नही। वो मुन्न्नाभाई मे आपने देखा ही होगा, कि लड़का अगर वेटर को सीटी मारकर बुलाए तो, कट लेना। बोले तो विनम्रता का साथ नही छोड़ने का भीड़ू! लेकिन विनम्रता का मतलब ऐसा नही कि कोई भी आने जाने वाला आपको टीप मारकर चलता बने और आप थैंक्यू करते रहे। मौके की नज़ाकत को समझते हुए विनम्रता या दूसरे तरीके से व्यवहार करें। समझ गए ना?

७. सिर्फ़ मेरी सुने
listen-to-meएक और अझेल चीज, लड़किया चाहती है कि आप सिर्फ़ उनकी सुनो। लड़कियाँ इसे आपसी समझदारी का नाम देती है। आपसी समझदारी बोले तो, लड़की लोग का एक प्रोबलम होता है, वो पूरा पूरा अटैन्शन मांगती है, वो कुछ भी बोले, आप पूरी तरह से कान लगाकर सुनो। जैसे आसाराम बापू का प्रवचन सुन रही हो। सुनो जरुर, भले ही कान मे रुई डालकर जाओ, लेकिन लड़की को लगना चाहिए कि आप उसको पूरी तरह से सुन रहे हो। वो भले टीवी सीरियल की बातें करे, या अपने आफिस के चपरासी जग्गू के घर का प्रोबलम। आपको कान लगाकर सुनना है, जहाँ जरुरत पड़े ह्म्म ह्म्म करते रहना है। एक और बात पर विशेष ध्यान देना, लड़किया अक्सर अपनी मन की बात, दूसरो के उदाहरण देकर समझाती है, जरा विशेष ध्यान रखना, कंही जग्गू की प्रोबलम मे आपके लिए कोई संदेश तो नही है?

८. कितनी तारीफ़ करता है
दुनिया मे कोई भी एक लड़की ढूंढ कर दिखा दो, जो अपनी तारीफ़ सुनकर खुश ना होती हो। आपकी रिलेशनशिप की मजबूती और जीवनकाल आपकी तारीफ़ करने की क्षमता पर भी बहुत कुछ निर्भर करती है। तारीफ़ भी अलग अलग तरीके के साथ। यहाँ पर कुछ बाते जरुर ध्यान रखना, भूले से भी उसकी सहेली की तारीफ़ मत कर देना, नही तो बेटा गए काम से। लवर्स स्पॉट की पिकनिक मे अगर वो बैगंन की जली हुई सब्जी बनाकर लायी, तो भी आपको खाते हुए, सब्जी की तारीफ़ करनी होगी, (ये शादी के पहले की बात कह रहा हूँ, शादी के बाद, तो आप मेरी नही मानोगे, अपनी मनमर्जी करोगे, मै जानता हूँ।)

९.गिड़गिड़ाइए नही!
 आप अपनी गर्लफ्रेन्ड की कितनी कद्र करते है? कद्र करने मे आपके प्वाइन्ट बढते है, लेकिन ध्यान रखिए, आप अगर ज्यादा गर्जूपना दिखाएंगे तो माइनस मार्किंग होती है। लड़किया यह देखना चाहती है कि ये बन्दा कितना मोल्ड हो सकता है। इसलिए मोल्डिंग का पूरा पूरा एक्स्पेरीमेन्ट आपके ऊपर किया जाता है। लेकिन मेरी राय मानो तो चरणदास की कैटेगरी तक मत जाना। समझे ना।

१०. कितने वादे निभाता है
अव्वल तो आप वादे ही मत करो, कि ये ला दूंगा, वो ला दूंगा। लेकिन करो तो निभाओ भी। वादे निभाने मे ये चीज जरुर ध्यान रखना कि चाँद तारों की बात तो करो, लेकिन तोड़ने ताड़ने का काम सिर्फ़ फलों का ही करना। और कभी उसको यह मत दिखाना कि मेरी यहाँ, वहाँ, जहाँ, तहाँ पहुँच है, नही तो बेटा, फंस जाओगे। फिर भले ही उसके छोटे भाई के लिए ट्यूटर ढूंढना हो, या उसकी माता जी का हास्पिटल मे चैक-अप सारे काम तुम्हारे मत्थे ना पड़े तो कहना। इसलिए, हाँकने मे थोड़ी लगाम रखना। नही तो लोगो से पूछते फिरोगे, फलाना हास्पिटल मे पहचान है क्या?

११. केयरिंग
ये एक और पंगे की चीज होती है, केयरिंग। यहाँ केयरिंग के मायने अलग अलग होते है। लड़का घुमाने-फिराने, महंगी गिफ़्ट देने, मौज-मस्ती कराने को केयरिंग मानता है, लड़की तारीखे याद रखने को। लड़कियाँ इतिहास मे बहुत तेज होती है, मतलब हर तारीख,महीना, दिन और समय तक याद रखती है, इसलिए उसका जन्मदिन, उसके कुत्ते का जन्मदिन, पहली मुलाकात की बरसी (दु:ख की बरसी ही तो होती है लल्लू), पहले फोन की एनीवर्सरी वगैरहा वगैरहा सब याद रखना। याद रखने के लिए भले गूगल कलैन्डर का सहारा लेना पड़े,लेना, लेकिन बबुआ, अगर तुम एक भी तारीख भूल गए, तो हजार बाते सुनने के लिए तैयार रहना, (यानि आइटम न:७)

१२. एकाधिकार - तुम मेरे हो
you-are-mineएक और पंगे वाली चीज, लड़कियों मे पसेसिवनैस बहुत होती है, भई कुछ हद तक होना तो अच्छी बात है लेकिन इनके यहाँ इसका स्तर इस कदर हाई होता है कि पूछो मत। मानो आप इनके जर-खरीद गुलाम हो। आप सिर्फ़ इनको ध्यान दो। ये सिर्फ़ इसी दर्शन के साथ पैदा होती है कि इनके अलावा जीवन से सब व्यर्थ है। अमां ध्यान देना तो ठीक है, लेकिन ये तो आपको शादी के पहले ही ख़ूंटे से बाँधने के लिए रस्सा लेकर तैयार खड़ी रहती है, अब इसका क्या किया जाए? इसके लिए बेस्ट तरीका है, इनके सामने, इनको १००% अटैंशन दो, आयं बायं होते ही, वापस। समझ गए ना?

१३. बिना वजह नाराज होना
लड़कों को एक चिन्ता हमेशा सताए रहती है, पता नही कब, किस बात पर हमारी प्रेमिका, नाराज ना हो जाए। अब लड़के अपने बाँस को सम्भालें या प्रेमिका, दोनो बात बात पर नाराज हो जाते है, वो भी बिला वजह। विश्वास ना आए तो अपने मिश्रा जी से पूछो, लेख पढते पढाते ही मिश्राजी, सुखीराम से दुखीराम हो गए। खैर मिश्राजी तो अपना खुद सलट लेंगे, आप अपनी अपनी प्रेमिका को सम्भालो, कंही वो फिर से ना नाराज हो जाए। अब सवाल उठता है, उनको मनाया कैसे जाए, अरे वही प्वाइंट नम्बर ११, केयरिंग, महंगी गिफ़्ट और प्वाइंट नम्बर ८, तारीफ़। इसी मे समझदारी है। भूल कर उसकी सहेली की तारीफ़ मत करने लगना, नही तो…..

१४. वो आपमे अपने पिता को ढूंढती है
लड़कियाँ अपने प्रेमी मे अपने पिता वाले सारे गुण ढूढने की कोशिश करती है। इसलिए आपके लिए जरुरी होगा कि आप अपना होम-वर्क ढंग से करें, और समय निकालकर, प्रत्यक्ष-परोक्ष रुप से उनके पिता से मिल जरुर लें। ताकि आप उनके विचार, रहन सहन, पहनावा वगैरहा सब कुछ अच्छी तरह से स्टडी कर सकें और अपने जीवन मे उसका प्रयोग कर सकें।

१५.बैंक बैलेन्स
moneyआप माने चाहे या ना माने, लड़किया भले ही सच्चे प्यार की दुहाई देती रहती हो, लेकिन उनकी तिरछी नजरिया, बन्दे के बैंक बैलेन्स पर जरुर रहती है। वो आपसे आपकी पासबुक नही मांगेगी, लेकिन जो गिफ़्ट आप उनको दोगे उससे वो जान जायेंगी, या फ़िर बाजार मे शापिंग के समय वो आपसे कुछ ऐसा पूछेंगी कि आप अपने बैंक बैलेन्स के हिसाब से पसन्द नापसन्द बता देंगे। इसलिए ध्यान रखिएगा। प्यार के वादे वो भले ही साइकिल वाले से करें, लेकिन जब मौका आएगा, तो घर वालों की दुहाई देते हुए, मोटरसाइकिल/कार वाले के साथ जाने मे देर नही लगाएगी। मुझे पता है इस प्वाइट पर मुझे बहुत लानते मिलेंगी, लेकिन भैया, लेख हमरा है, अपना अनुभव का निचोड़ तो बताना जरुरी है ना।

१६. आखिरी प्वाइंट : शेरो शायरी
शेरो शायरी की आपको जितनी अच्छी जानकारी होगी आपको उतनी ज्यादा आसानी होगी। कोई जरुरी नही शेर आपके अपने हो, चुराए हुए भी चलेंगे, कस्टमाइजेशन भी कर सकते है, यानि कि कंही की ईट कंही का रोड़ा, हमारे रोमियो ने शेरों को जोड़ा। इसमे अगर चुटकुले वो भी नॉन-वेज और एसएमएस भी शामिल कर दिए जाएं तो सोने पर सुहागा। एक स्टडी के अनुसार, लड़के लड़की की दोस्ती मे एसएमएस का बहुत बड़ा हाथ होता है। शुरुवात अच्छे अच्छे एसएमएस से होती है और अंत…हमसे मत पूछो यार! वो अपना नीरज दीवान है ना, उससे पूछो। वो इसमे मास्टर है।

अच्छा भई, अब हम अपनी कन्सल्टेन्सी की दुकान बन्द करते है। अब आप ये मत कहना, जल्दी बन्द कर दी, अरे यार! जित्ते प्वाइन्ट होंगे उत्ते ही तो बताएंगे, कोई मन-गड़न्त थोड़े ही बता देंगे। और हाँ आपको जूते पड़े तो हमे मत कहना, लेख को लेख की तरह लेना, ये कोई पाठ्य पुस्तक नही है। इसलिए पढो और मौज करो। आल द बेस्ट, और हाँ कमेन्ट करना मत भूलना।

साभार : http://www.jitu.info/merapanna/?p=623

Comments (0 posted):

Post your comment comment

Please enter the code you see in the image:

  • email Email to a friend
  • print Print version
  • Plain text Plain text
Tags
No tags for this article
Rate this article
3.86