शेर और बकरी की नयी कहानियां
मसला डिफरेंटात्मक हो गया है।
पुरानी कहावतों के नये मायने बच्चे तलाश लाते हैं, उन्हे समझाना मुश्किल हो गया है।
शेर और बकरी एक ही घाट पे पानी पीते थे-इस कहावत के कई आशय मेरे छात्रों ने यूं लिखे हैं-
आशय नंबर एक-शेर और बकरी एक ही घाट पर पानी पीते थे, इसमें यह नहीं बताया गया है कि पानी पीने के बाद बकरी का क्या हुआ।
जैसे कोई यह कहे कि इस इलाके में सारे वोटर एक ही बूथ पर वोट डालने जाते थे, सिर्फ इसीसे तो यह पता नहीं चल जाता कि सब मामला चकाचक था।
शेर और बकरी एक घाट पर पीने पीते हों, फिर बकरी शेर के पेट के अंदर के घाट पर पायी जाती हो। कहावतकार इस पर मौन है। इसलिए इस कहावत से कुछ साफ नहीं होता।
फिर इसका एक मतलब और हो सकता है कि शेर का कब्जा अपने घाट पर पक्का ही हो। बकरी के घाट पर कब्जा करने की नीयत से वह कभी-कभार बकरी के घाट पर भी आ जाता हो। बकरी चुप्पा-चुप्पी में कुछ बोल न पाती हो। कहावतकार ने ऐसा ही कोई सीन देख लिया हो, कह दिया हो कि देखो, शेर और बकरी एक ही घाट पर पानी पी रहे हैं। अऱे भईया यूं भी तो कह सकते थे कि शेर बकरी के घाट पर कब्जा करके उसका पानी भी पी रहा है।
आशय नंबर दो- शेर और बकरी एक ही घाट पर पानी पीते हैं, इसका मतलब है कि शेर को इस तरह से बकरी से साथ एक ही घाट पर पानी पीने में कुछ फायदा है। शेर और बकरी एक ही घाट पर साथ-साथ पानी पीने तब ही आते हैं, जब शेर की मजबूरी हो। वरना शेर बकरी से सिर्फ एक ही रिश्ता रखता है, खाने का। साथ पीने का मामला बहुत मजबूरी का है।
हो न हो, मीडिया को दिखाना होगा। कौमी एकता या ऐसा ही कोई समारोह चल रहा होगा। जिसमें फोटो सेशन होना होगा। शेर बकरी के साथ फोटू खिंचाने आ गया होगा। कुछ मौकों पर शेर को जरुरी होता होगा, ऐसी फोटू दिखाना।
यह फोटू दिखाकर शेर किसी इंटरनेशनल बकरी राइट्स एनजीओ से ग्रांट खींच सकता है, बकरी राइट्स की सुरक्षा के लिए।
यह फोटू दिखाकर शेर मीडियावालों को जब-तब बता सकता है कि जंगल में सब समान हैं। फोटू देख लो।
और तो और,बकरी दिवस मनाने के लिए शेर तमाम इंटरनेशनल संगठनों से पैसे खींच सकता है।
इस सबके लिए यह वाली फोटू काम आयेगी।
आशय नंबर तीन- हो सकता है कि शेर तो शेर हो, पर जिसे बकरी समझा जा रहा हो, वह भी शेर हो। बकरी की खाल ओढ़ कर आ गया हो।
कोई सच्ची की बकरी शेर के साथ पानी पीने को राजी न हुई हो।
बकरी के साथ फोटू खिंचाना जरुरी हो। ऊपर से आर्डर आ गये हों कि हर शेर को और बकरी खाने का लाइसेंस तब ही मिलेगा, जब वह बकरी के प्रति दयालुता दिखाने के लिए बकरी के साथ-साथ फोटू खिंचायेगा।
कोई बकरी यह फोटू खिंचाने के तैयार नहीं हुई हो, तो फिर कोई शेर खुद ही बकरी बन गया हो। बकरी की खाल ओढ़ने वाले शेर सच्ची की बकरी से भी ज्यादा बकरी लगते हैं।
ऐसा बकरीपना मचाते हैं कि सच्ची की बकरी भी शरमा जाये।
ऐसी बकरी तो शेर के साथ खड़ी होकर बयान तक दे सकती है कि शेरों के चलते ही उनका अस्तित्व बचा हुआ है। शेर न हों, तो बकरी भी न हों। शेरों का पूरा जीवन बकरियों को ही समर्पित है। शेरों के प्रति आभार, धन्यवाद ज्ञापन टाइप की बातें।
थैंक्यू की ऐसी विकट गचागच कि सच्ची की बकरियां शरमा जायें कि ऐसी बातें तो हमने सबसे स्मार्ट बकरे के बारे में भी कभी नहीं कीं, जैसी ये इस शेर के बारे में कह रही है।
पर किसी सच्ची की बकरी की हिम्मत नहीं होती कि वह खंडन कर दे।
बयान वही, जो शेर दिलवाये।
खंडन वही, जो शेर करवाये।
शेर की तरफ से तो शेर है ही, बकरी की तरफ से भी शेर ही।
शेर बकरी-हित में काम नहीं कर रहा है,यह बात कहने की हिम्मत किसी बकरी में है क्या।
अजी छोड़िये, जिस दिन यह बात कहने की बात बकरी में आ जायेगी, वह बकरी न होकर शेर हो जायेगी और फिर एक दिन देर-सबेर शेरों की जमात में जाकर शेरों जैसे ही बकरी-ऐसीतैसीकरण में जुट जायेगी।
आलोक पुराणिक एफ-1 बी-39 रामप्रस्थ गाजियाबाद-201011
मोबाइल-9810018799



del.icio.us
Digg
Comments (0 posted):
Post your comment