एक पेपर जितनी मोटाई वाली कलर व्हीडियो स्क्रीन!
एक ढाई इंच की स्क्रीन, एक इन्च के दसवें हिस्से जितनी मोटी, बिलकुल पेपर जितनी, जिसे आप तोड़ मरोड़ सकते हैं, काम आयेगी व्हीडियो दिखाने के लिये. किस कम्पनी ने पेश किया है इसे?
इस शुक्रवार को सोनी ने इसे पेश किया है. (जापान वाले सोनी, गाडरवारा के भरोसेलाल सोनी की बात नहीं कर रहे हैं).
सोनी का दावा है कि इस स्क्रीन को कितना भी तोड़ो मरोड़ो टूटेगी नहीं. अभी तक जितनी भी एलसीडी या प्लाज्मा वाली स्क्रीनें आती थीं, उन में ये बात नहीं थी. नीचे देखिये इसका फोटो.
ठहरो भाई, अकेला सोनी ही नहीं है, एलजी भी मैदान में कूद गये हैं, इन्होंने भी बताया है कि इनकी ए4 साइज जितनी अपनी डिस्प्ले तैयार है. (बस बोला ही बोला है, दिखाया नहीं है) एलजी की डिस्प्ले स्क्रीन टीएफटी को कांच की जगह मेटल फौइल को मिला कर बनी है. ताईवान की पीव्हीआई और जापान की सीको एपसन का सामान भी तैयार है.
पिछले साल अक्टूबर में सिआटेक शो टोकियो के दौरान फुजित्सू ने भी अपनी पेपर जितनी 7.8 इन्च साइज की ई-बुक पेश की थी, मगर बात प्रोटोटायप से आगे नहीं बढ़ी.
अब इतनी पतली स्क्रीन काम क्या आयेगी? सोनी वाले कहते हैं कि ये तो सोचा नहीं कि किस काम आयेगी पर आ जायेगी जरूर.
"जैसे आपका पतला होता मोबाइल और पतला हो जायेगा.
यानी आपका अखबार इसी स्क्रीन पर होगा, नेट से खुद अपडेट हो जायेगा, आपको पन्ने भी नहीं पलटने पड़ेगें, या
आपके पास से गुजर रहे युवा की टी-शर्ट के सामने यही स्क्रीन चिपकी होगी, सोचिये बदल रहे स्लोगन कैसे लगेंगे? (चाची 420 में एक लड़की के पीछे चिपका हुआ अखबार का टुकड़ा पढ़ते कमल हासन याद आये क्या?)
आप इसे अपनी किताब में रखकर चुपके चुपके फिल्म देख सकते हैं, जैसे स्कूल बुक्स में छिपा कर कामिक पढ़ते थे."
बाकी किस किस काम में आ सकता है, सोचिये और सोनी को बता डालिये. सोनी के पास बहुत पैसे हैं, अगर उसे आपके आईडिया पसंद आगये तो हो सकता है आपको भी थोड़ा अर्थलाभ हो जाये.



del.icio.us
Digg
Comments (0 posted):
Post your comment